दुष्कर्म के आरोप के पांच दिन बाद भी FIR नहीं, चौकी पर समझौते का आरोप; SP से गुहार
चंदौली में महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। घटना के पांच दिन बाद भी FIR दर्ज नहीं होने और पुलिस चौकी पर समझौता कराने के आरोप को लेकर एसपी से कार्रवाई की मांग की गई।
तस्वीर में चंदौली पुलिस लाइन के बाहर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए और एक महिला अपना चेहरा छिपाए हुए नजर आ रही हैं।
चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। सोमवार को आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस लाइन पहुंचकर एसपी आकाश पटेल से मुलाकात की और मामले में कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, 16 सितंबर को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विकास नामक युवक कथित तौर पर जबरन घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि घटना के दौरान वह करीब दो घंटे तक बेहोश रही। अगले दिन उसने अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों शिकारगंज पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत की।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि चौकी पर तैनात दरोगा ने कार्रवाई करने के बजाय उस पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया। महिला का कहना है कि वह पढ़ी-लिखी नहीं है और उससे समझौते के कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए गए। हालांकि, पीड़ित पक्ष अब आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पुलिस लाइन पहुंचकर एसपी आकाश पटेल को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गंभीर आरोप लगाए जाने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि मामले में कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
एसपी आकाश पटेल ने कार्यकर्ताओं को मामले की जांच कराने और पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। अब मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर पीड़ित पक्ष की नजर है।