तस्वीर में चन्दौली की चन्दासी कोयला मंडी में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दौरान चिकित्सक मरीजों की जांच करते हुए नजर आ रहे हैं।

चन्दौली। चन्दासी कोयला मंडी में सोमवार को रीबॉर्न ट्रस्ट की ओर से विशेष निःशुल्क मेडिकल एवं आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किया गया। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन स्थित श्री गंगाधर यादव की गद्दी पर लगे शिविर में ट्रक चालकों, वाहन चालकों, व्यापारियों, श्रमिकों और स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। आयोजन में समाजसेवी सतीश जिंदल और गंगाधर यादव का सहयोग रहा।

रीबॉर्न ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं संस्थापक सतनाम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में एचआईवी की गोपनीय जांच, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, आंखों की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद लोगों को आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराईं।

लगातार खांसी, बुखार और वजन कम होने जैसे लक्षण वाले लोगों की टीबी जांच के लिए बलगम के नमूने भी एकत्र किए गए। इन नमूनों की सरकारी प्रयोगशाला में निःशुल्क जांच कराई जाएगी।

शिविर में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रही। लोगों को कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

इस दौरान रीबॉर्न ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं संस्थापक सतनाम सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कामकाज में व्यस्त रहने वाले लोगों तक उनके कार्यस्थल के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना जनहित का महत्वपूर्ण प्रयास है।

शिविर की व्यवस्था में रीबॉर्न ट्रस्ट के वॉलंटियर्स अशुतोष सिंह, नितेश कुमार जैस, प्रिया जायसवाल, तनवीर अंसारी, विष्णु जैस और अफजल अंसारी ने सहयोग किया। ट्रस्ट ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, रक्तदान और अन्य जनहितकारी गतिविधियां जारी रखने की बात कही। इस तरह चन्दासी कोयला मंडी में आयोजित शिविर के माध्यम से चालकों, श्रमिकों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य जांच के साथ आयुष्मान कार्ड संबंधी सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

Tags: