हापुड़ में श्मशान घाट से रातों-रात काटे गए पांच हरे पेड़, प्रधान पति पर लकड़ी बेचने का आरोप
| हापुड़ के छज्जूपुर गांव स्थित श्मशान घाट से 40 साल पुराने शीशम के चार और 15 साल पुराना आम का पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। प्रधान पति पर लकड़ी बेचने का आरोप लगा है। वन विभाग और पुलिस जांच में जुटे हैं।
दो व्यक्ति हापुड़ के छज्जूपुर श्मशान घाट में काटे गए पेड़ के ठूंठ की जांच करते हुए दिख रहे हैं।
हापुड़। जनपद के कपूरपुर थाना क्षेत्र के छज्जूपुर गांव में श्मशान घाट की भूमि पर लगे दशकों पुराने हरे-भरे पेड़ों को रातों-रात काटे जाने का मामला सामने आया है। सार्वजनिक और धार्मिक महत्व वाले श्मशान घाट परिसर से पांच पेड़ों के कटने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। आरोप है कि करीब 40 साल पुराने शीशम के चार पेड़ों और 15 साल पुराने आम के एक पेड़ को अवैध रूप से कटवाकर उनकी लकड़ी बेच दी गई।
इस मामले में गांव निवासी राजेश पुत्र कमल सिंह ने प्रधान पति पर पेड़ कटवाने और लकड़ी बेचकर आर्थिक लाभ कमाने का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव के श्मशान घाट स्थित खसरा संख्या 374 की भूमि पर उन्होंने अपने पैतृक धन से शीशम, आम, नीम, पापड़ी और अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगवाए थे। ये पेड़ परिसर में हरियाली बनाए रखने के साथ ही अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले ग्रामीणों को छाया भी प्रदान करते थे।
राजेश ने अपनी शिकायत के समर्थन में मौके की तस्वीरें, कथित रूप से पेड़ कटान में शामिल लोगों की मोटरसाइकिलों के फोटो और संबंधित भूमि की खतौनी की प्रति भी अधिकारियों को सौंपी है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत के बाद मामला सामने आने पर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम की प्रारंभिक जांच में मौके पर पेड़ों का कटान होने की पुष्टि हुई है। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पेड़ किसके आदेश पर काटे गए और उनकी लकड़ी किसे बेची गई।
वहीं, कपूरपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्मशान घाट की भूमि से पेड़ों के कटान का मामला अब पुलिस और वन विभाग की जांच के दायरे में है।