अलीगंज थाने में बुजुर्ग महिला, पुलिसकर्मी और परिजन बैठे दिख रहे हैं।

अलीगंज। रास्ता भटककर थाने पहुंचीं 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अलीगंज पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से महज 15 घंटे में उनके परिवार से मिला दिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से अपनों से बिछड़ी महिला अपने परिजनों तक पहुंच सकीं। मां और नानी को सकुशल वापस पाकर परिवार के सदस्य भावुक हो गए।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को पीआरवी 6839 करीब 90 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को थाना अलीगंज लेकर पहुंची। महिला अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थीं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें महिला हेल्प डेस्क पर सम्मानपूर्वक बैठाया और उनकी पहचान पता लगाने के साथ परिजनों को खोजने के प्रयास शुरू किए।

बुजुर्ग महिला को उनके परिवार तक पहुंचाने के लिए अलीगंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर उनकी जानकारी साझा की। पुलिस के प्रयासों के बाद महिला के परिजनों तक सूचना पहुंच गई। इसके बाद महिला के पुत्र मोहम्मद इरफान निवासी मोहल्ला कटरा शमशेर खां, थाना कोतवाली इटावा और नाती मोहम्मद जावेद निवासी मोहल्ला टिलिया अहमदगंज, थाना मऊदरवाजा, जनपद फर्रुखाबाद थाने पहुंचे।

परिजनों ने महिला की पहचान सिराजन पत्नी शब्बीर, उम्र 90 वर्ष, निवासी मोहल्ला कटरा शमशेर खां, थाना कोतवाली इटावा के रूप में की। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी मां और नानी को सुरक्षित पाकर परिवार के सदस्य भावुक हो गए। उन्होंने अलीगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों का आभार जताया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी, उपनिरीक्षक हिरदेश कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल शीलेंद्र सिंह, कांस्टेबल दुर्गेंद्र सिंह और महिला कांस्टेबल गौरी खेर का योगदान रहा। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान स्थापित कर 15 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला को उनके परिवार से मिलाया।

Tags: