हापुड़ थाने में पुलिसकर्मियों के साथ खड़े दो मास्क पहने आरोपी।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ नगर में एक ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना गढ़ रोड पर पैराडाइज होटल के सामने की बताई जा रही है, जहां ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट की गई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हापुड़ नगर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशन में जिले में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

थाना हापुड़ नगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों नामजद अभियुक्तों को अतरपुरा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन की ओर से दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी (विधिक) कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोविन्द्र पुत्र कृष्णपाल, निवासी आर्यनगर, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ और प्रेम पुत्र हरिओम, निवासी आर्यनगर, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।

हापुड़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Tags: