तस्वीर में हापुड़ तहसील परिसर में महिला अधिकारी एक महिला को पोषण किट देती दिख रही हैं।   

हापुड़ में तहसील दिवस से पहले जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने हापुड़ तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म विधि-विधान से संपन्न कराई। इस दौरान महिलाओं को फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां एवं पोषण किट प्रदान की गई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार एवं प्रसव पूर्व देखभाल के बारे में जानकारी दी।

इसके बाद हापुड़ तहसील में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 121 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

हापुड़ तहसील दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों द्वारा इनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए।

तहसील दिवस में खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण एवं दाखिल-खारिज से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। भूमि विवाद, मारपीट, शांति भंग एवं साइबर फ्रॉड से संबंधित प्रार्थना पत्र भी अधिकारियों के समक्ष रखे गए। इसके अलावा पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत एवं पेयजल से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकन कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का निपटारा राजस्व एवं पुलिस विभाग समन्वय बनाकर शीघ्र कराएं। शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी फोन पर भी दी जाए।

पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों की सुनवाई थाना स्तर पर ही हो, इसके लिए थानेदारों को निर्देशित किया गया है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी हापुड़, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में तहसील धौलाना में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित हुआ। उनके समक्ष 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील दिवस गढ़मुक्तेश्वर में अपर जिलाधिकारी के समक्ष 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 शिकायतों का संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण पर प्रशासन ने जोर दिया, जबकि अधिकारियों को शिकायतों के पोर्टल पर अनिवार्य अंकन और शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

Tags: