हापुड़ कलेक्ट्रेट सभागार में लंबित अदालती मामलों के निस्तारण और बेहतर पुलिस-अभियोजन समन्वय के लिए समीक्षा बैठक करतीं डीएम और एसपी।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। जनपद हापुड़ में न्यायालयों में लंबित और निर्णीत वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी महोदया और पुलिस अधीक्षक महोदय ने अभियोजन और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में आयोजित इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में कानूनी प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने, मामलों की पैरवी में तेजी लाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अभियोजन तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए न्यायालयों में विचाराधीन और निर्णीत मामलों के निस्तारण की स्थिति पर चर्चा की। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालयों में चल रहे मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जाए और प्रत्येक मामले में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए।


अधिकारियों ने पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर काम करने पर जोर दिया, ताकि न्यायिक प्रक्रिया प्रभावी ढंग से आगे बढ़े और अपराधियों को सजा दिलाई जा सके। बैठक में लंबित मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी और एसपी ने स्पष्ट किया कि न्यायालयों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कलेक्ट्रेट सभागार में दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने की हिदायत दी। बैठक का उद्देश्य न्यायिक मामलों के निस्तारण में तेजी लाने, प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने और जनपद की कानून एवं न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

Tags: