इटावा में पुलिस मुठभेड़ में छिनैती का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, 33 मुकदमे दर्ज
भरथना थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से 33 मुकदमों में वांछित आरोपी घायल, अवैध हथियार बरामद।
तस्वीर में भरथना थाना पुलिस उत्तर प्रदेश के इटावा में छिनैती की घटना में मुठभेड़ के दौरान घायल हुए 33 आपराधिक मामलों के वांछित आरोपी अनुज शाक्य को गिरफ्तार करने के बाद दिखाई दे रही है।
इटावा में छिनैती की घटना में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने के दौरान भरथना थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फर्रुखाबाद सहित विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 16/17 अक्टूबर की रात भरथना थाना पुलिस गंगोरा की ओर जाने वाले रास्ते पर भरथना रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज शाक्य पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम सुमैया, थाना किशनी, जनपद मैनपुरी, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने छह अक्टूबर को भरथना क्षेत्र में एक महिला से हैंडबैग छीनने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि बैग में करीब दो हजार रुपये थे, जिन्हें उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ बांट लिया था। इस घटना के संबंध में भरथना थाने में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अनुज शाक्य के खिलाफ इटावा, मैनपुरी और फर्रुखाबाद सहित विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।