हापुड़: DM कविता मीना ने की 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बांटी पोषण किट
गढ़मुक्तेश्वर तहसील में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को ताजे फल और ड्राई फ्रूट्स बांटे गए, साथ ही स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी गई।
तस्वीर में डीएम कविता मीना हापुड़ में गर्भवती महिला को पोषण किट देती दिख रही हैं।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। गढ़मुक्तेश्वर तहसील परिसर में शनिवार को तहसील दिवस के आयोजन से पहले महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 05 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरे विधि-विधान और पारंपरिक तरीके से संपन्न कराई।
जिलाधिकारी कविता मीना ने खुद आगे बढ़कर गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद दिया और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से बचाने और उन्हें स्वस्थ रखने के उद्देश्य से पोषण किट, ताजे फल, हरी सब्जियां और सूखे मेवे यानी ड्राई फ्रूट्स दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। उन्हें गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही प्रसव पूर्व देखभाल और समय-समय पर डॉक्टरी जांच के जरिए मां और बच्चे दोनों को सुरक्षित रखने की जानकारी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके के बारे में भी जानकारी दी। तहसील दिवस के आयोजन से पहले हुआ यह कार्यक्रम गर्भवती महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर केंद्रित रहा।