तस्वीर में धौलाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मौजूद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिख रहे हैं।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में धौलाना क्षेत्र में बिजली विभाग ने बिजली चोरों और बड़े बकायेदारों के खिलाफ ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान बिजली बिलों की वसूली के साथ विद्युत कनेक्शनों और मीटरों की भी बारीकी से जांच की गई।

बिजली विभाग की विशेष टीम बकाया बिजली बिलों की शत-प्रतिशत वसूली के लिए डोर-टू-डोर पहुंची। लंबे समय से बकाया बिलों की तत्काल वसूली की गई। इसके साथ ही टीम ने घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों और मीटरों की जांच की।

अभियान का मुख्य फोकस क्षेत्र में बिजली चोरी की रोकथाम पर रहा। टीम ने कटियाबाजों और अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी को पूरी तरह रोकना और ईमानदारी से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

पूरी कार्रवाई बिजली विभाग के आला अधिकारियों के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान एसडीओ विजय कुमार और जेई बृजेश यादव ने खुद कमान संभाली। उनके सख्त निर्देशों के बाद टीम ने एक-एक कर कई इलाकों में चेकिंग की।

व्यापक चेकिंग अभियान में लाइनमैन कुलदीप राणा, पंकज, प्रदीप राणा, विकास राणा, अनुज राणा, संदीप राणा और देवेंद्र राणा सहित पूरी टीम मौके पर मुस्तैद रही। विभाग की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि जिन लोगों ने अपने बकाया बिल जमा नहीं किए हैं या जो बिजली चोरी में लिप्त हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कनेक्शन काटने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Tags: