अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर द्वारा कार और बाइक को टक्कर मारने के बाद कोतवाली परिसर में जानकारी देते पीड़ित पक्ष के लोग।

एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने लगातार दो वाहनों को टक्कर मार दी। कायमगंज की तरफ से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने पहले पांचाली ढाबा के पास इनोवा क्रिस्टा कार को पीछे से टक्कर मारकर उसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका और आगे कोल्ड तिराहा पर सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

घायल की पहचान अजय कुशवाह पुत्र चंद्रपाल (32) निवासी बल्लीपुर गढ़ी, थाना कंपिल, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। बताया गया कि अजय बाइक से गंजडुंडवारा की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान कायमगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने अलीगंज के कोल्ड तिराहा पर उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अजय सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।



हादसे की सूचना मिलते ही अलीगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इनोवा क्रिस्टा में सवार हिमांशु गंगवार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने दोस्त सोनू के साथ कायमगंज से मैनपुरी जा रहे थे। इसी दौरान कायमगंज की तरफ से तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर आया, जिस पर दो लोग सवार थे। पांचाली ढाबा के पास ट्रैक्टर ने उनकी इनोवा क्रिस्टा कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हिमांशु के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद भी ट्रैक्टर चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ गया। इसके बाद कोल्ड तिराहा पर उसने सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर सवार दो लोगों में से चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को अलीगंज कोतवाली पुलिस अपने साथ ले गई।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस दूसरे व्यक्ति को कोतवाली ले जाकर पूछताछ कर रही है। साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को मौके पर भेजा गया था। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालक फरार है।

वहीं, ट्रैक्टर पर सवार देव सिंह ने बताया कि वे कायमगंज से अंगरइया जा रहे थे। ट्रैक्टर को कायमगंज क्षेत्र के गंडुआ गांव निवासी सुरजीत चला रहे थे। देव सिंह के अनुसार, उन्होंने सुरजीत को कई बार ट्रैक्टर धीरे चलाने के लिए कहा था।

पांचाली ढाबा से कोल्ड तिराहा तक हुई इस घटना में इनोवा क्रिस्टा का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक सवार अजय कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Tags: