बरामद सोलर प्लेट के साथ आरोपी नासिर और दो पुलिसकर्मी थाना गढ़मुक्तेश्वर परिसर में चोरी मामले में खड़े हैं।

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में मुर्गी फार्म हाउस से सोलर प्लेट चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई सोलर प्लेट भी बरामद की है। यह कार्रवाई जनपद में अपराधियों और चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम दौताई स्थित मुर्गी फार्म हाउस में हुई चोरी के संबंध में थाना गढ़मुक्तेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 604/2026, धारा 305(ए) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम दौताई नहर भट्ठे के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से मुर्गी फार्म हाउस से चोरी की गई सोलर प्लेट बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान नासिर पुत्र शहजाद चौधरी निवासी ग्राम बहरौडा, थाना किठौर, जनपद मेरठ के रूप में हुई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चोरी की इस वारदात का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना गढ़मुक्तेश्वर के उपनिरीक्षक सुबहान अली, रिक्रूट आरक्षी संजय पुरी और रिक्रूट आरक्षी अंकित कुमार शामिल रहे।

Tags: