गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर खुर्जा में निकली प्रभात फेरी, गुरुद्वारे में हुआ कीर्तन
| खुर्जा में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से प्रभात फेरी निकाली गई। नगर के विभिन्न मार्गों पर शब्द कीर्तन के बाद गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन दरबार, अरदास और गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ।
खुर्जा के बाजार मार्ग पर गुरु नानक प्रकाश पर्व की प्रभात फेरी में पंज प्यारे और श्रद्धालु चलते दिख रहे हैं।
खुर्जा। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में खुर्जा नगर में प्रभात फेरी निकाली गई। गुरबाणी के स्वर और शब्द कीर्तन करते श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ निकली प्रभात फेरी के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय रहा।
प्रभात फेरी का शुभारंभ गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से हुआ। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और शब्द कीर्तन करते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। गुरबाणी के मधुर स्वरों के बीच प्रभात फेरी वापस गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। गुरुद्वारे के ग्रंथी एवं महिलाओं ने मधुर शब्द कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरबाणी का पाठ कराया। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाया और परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि के लिए अरदास की।
कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान जगजीत सिंह वालिया, सतनाम सिंह सलूजा, करतार सिंह एडवोकेट, मनी सलूजा, हरमीत सिंह, हरजीत सिंह, मनप्रीत सिंह, मनजीत सिंह, गोल्डी, राजा, सनी सहित अन्य सेवादारों ने सहयोग किया।