चंदौली के नेशनल हाईवे-19 पर भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई सफेद और काली स्कॉर्पियो दिखाई दे रही है।

चंदौली में नेशनल हाईवे-19 पर भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले में तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो घुस गई। फुटिया गांव से मिसिरपुरा तक करीब चार किलोमीटर के सफर के दौरान स्कॉर्पियो ने काफिले में शामिल दो फॉर्च्यूनर और एक अन्य स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।

हादसे के समय स्कॉर्पियो में चालक समेत चार लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को वाहन से बाहर निकाला गया। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इस घटना में भाजपा विधायक सुशील सिंह सुरक्षित रहे और उनके वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

बताया जा रहा है कि विधायक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो उनके काफिले में घुस गई और लगातार तीन वाहनों को टक्कर मारती रही।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। फिलहाल स्कॉर्पियो के काफिले में घुसने और लगातार वाहनों को टक्कर मारने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना के पीछे क्या वजह थी।

Tags: