पुलिस मुठभेड़ में जानलेवा हमले का फरार आरोपी फैसल घायल, पैर में लगी गोली; तमंचा बरामद
| बुलंदशहर के सिकंदराबाद में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जानलेवा हमले के मामले में फरार फैसल उर्फ फैजल पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
सिकंदराबाद (बुलंदशहर) में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी फैसल उर्फ फैजल के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेज दिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी प्रेमसुख दिलेड के अनुसार, सिकंदराबाद पुलिस की टीम जाट चौक/कटाखेड़ा डिफेंस कॉलोनी के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर वह रुकने के बजाय भागने लगा। टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सीएचसी भेजा।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैसल उर्फ फैजल निवासी मोहल्ला रिसालदारान, सिकंदराबाद के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित था। इस संबंध में कोतवाली सिकंदराबाद में मुकदमा दर्ज है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस ने फैसल के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।