पुलिसकर्मी चंदौली के सैयदराजा थाने के बाहर दुकानदार पर हमले के आरोपी को हिरासत में पकड़े खड़ा है।

चंदौली। उधार गुटखा देने से इनकार करने पर शुरू हुआ विवाद खूनी हमले में बदल गया। चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर गांव में दुकानदार को घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया। आरोप है कि हमलावरों ने फावड़े से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और साइकिल व बैग से 25 से 30 हजार रुपये भी छीन लिए। मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रणविजय उर्फ विजय पुत्र कन्हैया यादव निवासी मनराजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 22 नवंबर को सकलडीहा रोड पर डगरिया सरकार मंदिर के पास स्थित मां काली बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे गांव के दुकानदार हरिदास यादव की दुकान पर विशाल यादव उधार गुटखा लेने पहुंचा था। पुराने बकाये के चलते हरिदास ने उसे उधार सामान देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई।

आरोप है कि विवाद के करीब आधे घंटे बाद हरिदास बाजार में सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान घर के पास विजय, विशाल और उनके पिता कन्हैया यादव ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद तीनों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने हरिदास के पास मौजूद साइकिल और बैग से 25 से 30 हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद जान से मारने की नीयत से फावड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के संबंध में सैयदराजा थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी रणविजय उर्फ विजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Tags: