गढ़ गंगा कार्तिक मेले से पहले हापुड़ एसपी का एक्शन, स्नान मार्गों और बॉर्डर्स का निरीक्षण
हापुड़ में गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 से पहले पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्याना बॉर्डर, मेरठ रोड बॉर्डर और अन्य प्रमुख मार्गों पर निरीक्षण के दौरान जांच, निगरानी और यातायात प्रबंधन को लेकर निर्देश दिए गए।
हापुड़ में गढ़ गंगा कार्तिक मेला 2026 की तैयारियों के तहत संवेदनशील बॉर्डर्स पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी।
हापुड़ में आगामी गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में देर शाम पुलिस अधीक्षक हापुड़ ने मेला क्षेत्र और श्रद्धालुओं के आगमन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रबंधन को सुचारु करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न संवेदनशील बॉर्डर्स का औचक भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के स्याना बॉर्डर, गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड बॉर्डर और बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मेरठ बॉर्डर का जायजा लिया। उन्होंने इन प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के आगमन मार्गों के रूट मैप की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए बॉर्डर्स पर जांच और निगरानी व्यवस्था को और कड़ा करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही यातायात जाम की स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही प्रभावी रूट डायवर्जन योजना लागू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखा जा सके।
हापुड़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी कार्तिक मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मेला क्षेत्र, गंगा स्नान मार्गों और संवेदनशील बॉर्डर्स पर सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया जा रहा है।