हापुड़ CNG पंप पर हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने पर विवाद, कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा
हापुड़ के सरूरपुर गांव के पास दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित सीएनजी पंप पर हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि साथियों के साथ पहुंचे लोगों ने कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
हापुड़ जिले के सरूरपुर गांव स्थित सीएनजी पंप पर हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद सीसीटीवी में कैद कर्मचारियों से मारपीट का दृश्य।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर गांव के पास एक सीएनजी पंप पर हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। ग्राहक और पंप कर्मचारी के बीच शुरू हुई बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि ग्राहक ने अपने साथियों को मौके पर बुलाकर कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक सीएनजी भरवाने के लिए पंप पर पहुंचा था। इस दौरान कर्मचारी ने उससे गाड़ी का हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगा। इसी बात को लेकर ग्राहक और कर्मचारी के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्राहक ने फोन कर अपने अन्य साथियों और परिचितों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि मौके पर पहुंचे करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने पंप कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने कर्मचारियों को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। अचानक हुई इस घटना से सीएनजी पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य लोग अपनी गाड़ियां लेकर मौके से जाने लगे।
मारपीट में पंप के सुपरवाइजर मनीष और कर्मचारी दीपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर दोनों कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पंप मैनेजर कासिम ने पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर स्थानीय गढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फुटेज के आधार पर हमलावरों और उनकी गाड़ियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की बात कही है।