एटा में 26 वर्षीय युवक ने खेत में फांसी लगाकर दी जान, पत्नी और दोनों बच्चों से जुड़ा मामला
एटा के नया गांव थाना क्षेत्र के खरसुलिया गांव में पारिवारिक कलक के चलते युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
एटा जिले के नया गांव थाना क्षेत्र के खरसुलिया गांव में युवक का शव पेड़ से मिलने के बाद इकट्ठा हुए ग्रामीण और मौके पर मौजूद पुलिस.
एटा जिले के नया गांव थाना क्षेत्र के खरसुलिया गांव में 26 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक बुधवार को अचानक घर से लापता हो गया था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
मृतक की पहचान आलोक पुत्र रामलड़ैते, उम्र 26 वर्ष, निवासी खरसुलिया गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आलोक बुधवार को अचानक घर से निकल गया था और इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह खेत में पेड़ पर उसका शव लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार, आलोक की शादी छह वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद उसके दो बच्चे हुए थे, लेकिन बाद में उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। बताया गया है कि दोनों बच्चों की भी मौत हो चुकी है। आलोक की पत्नी पूजा निवासी इंद्रपुर, थाना मोहम्मदाबाद, उसे छोड़कर चली गई थी और तीन महीने से वापस नहीं आ रही थी। इस पारिवारिक परिस्थिति के बाद से युवक परेशान रहने लगा था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसके खेत में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मामले में थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल जारी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के साथ पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।