ढलान पर पीछे खिसका यूरिया से भरा ट्रक, ऑटो समेत तीन वाहन चपेट में आए
एटा में निधौली रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर के पास यूरिया से भरा ट्रक ढलान पर पीछे खिसक गया। ट्रक की चपेट में ऑटो समेत तीन वाहन आए, जबकि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
Update: 2026-08-13 08:16 GMT
तस्वीर में एटा के सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो और यूरिया से भरा ट्रक नजर आ रहा है।
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में निधौली रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर के पास बुधवार को यूरिया से भरा ट्रक ढलान पर पीछे की ओर खिसक गया। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में एक ऑटो समेत तीन वाहन आ गए। हादसे में ऑटो चालक के चोट आई, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक और सवारियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित ऑटो चालक ने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार ट्रक चालक और ट्रक की तलाश में जुटी है।