तस्वीर में एटा में सड़क हादसे के बाद खड़ी रोडवेज बस और सड़क पर क्षतिग्रस्त हुई बाइक नजर आ रही है।

एटा में तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार छह लोगों में से 5 वर्षीय मासूम समेत दो की मौत हो गई। हादसा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में महिंद्रा एजेंसी के पास हुआ। भीषण टक्कर के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया गया कि बाइक पर मासूम बच्चों सहित छह लोग सवार थे। सभी अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं और बाइक से एटा आ रहे थे। इसी दौरान महिंद्रा एजेंसी के पास रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में 5 वर्षीय अर्जुन पुत्र पवन सिंह निवासी गंगानगर, थाना कोतवाली देहात और 17 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी दतेई, थाना मिरहची की मौत हो गई।



हादसे में गोविंद पुत्र यशपाल निवासी रेवाड़ी मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर, महिला जूली पत्नी निर्मल कुमार निवासी बमनई, थाना पिलुआ, महिला वर्षा पत्नी पवन निवासी गंगानगर, थाना कोतवाली देहात और 1 वर्षीय मासूम सुरती पुत्री पवन निवासी गंगानगर, थाना कोतवाली देहात घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही रोडवेज बस और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद पुलिस की जांच जारी है।

Tags: