एटा में ट्रॉली पर रखे ट्रांसफॉर्मर में दौड़े करंट से 10 वर्षीय आरुष की मौत, विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरोप
एटा के राधा विहार, सुनहरी नगर में ट्रॉली पर खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर में दौड़े करंट की चपेट में आने से 10 वर्षीय आरुष पुत्र राजीव यादव की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
तस्वीर में एटा के अस्पताल में मृत बच्चे के शव के पास रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण नजर आ रहे हैं।
एटा में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक 10 वर्षीय मासूम की जान पर भारी पड़ गई। ट्रॉली पर खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर में दौड़े करंट की चपेट में आने से राधा विहार, सुनहरी नगर निवासी 10 वर्षीय आरुष पुत्र राजीव यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
बताया गया है कि आरुष ट्यूशन से अपने छोटे भाई को छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह ट्रॉली पर रखे ट्रांसफॉर्मर के संपर्क में आया और करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही मासूम मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार संबंधित ट्रांसफॉर्मर करीब एक वर्ष से ट्रॉली पर खुले में रखा था और उसमें करंट दौड़ रहा था। घटना के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि ट्रांसफॉर्मर में करंट कैसे आया।
हालांकि, इस मामले में विद्युत विभाग के एक्सईएन नगर और देहात से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से किसी भी अधिकारी ने इस मामले पर आधिकारिक पक्ष नहीं रखा था।
रिपोर्ट: विकास दुबे, एटा / 9528126943