चंदौली पुलिस लाइन के नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में अधिकारी.

चंदौली में आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा इंतजामों और नागरिक सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। सभी कार्यक्रम पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही संपन्न कराए जाएंगे, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

दुर्गापूजा पंडालों में विद्युत कनेक्शन और तारों की जांच कराने के निर्देश दिए गए, जिससे शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की आशंका को रोका जा सके। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, रावण दहन स्थलों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और आग से बचाव के लिए आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने संवेदनशील क्षेत्रों और आयोजन स्थलों का संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण करने तथा सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान छुट्टा पशुओं पर नियंत्रण रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने को भी कहा।

त्योहारों के दौरान बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से पनीर, खोया समेत अन्य खाद्य पदार्थों की जांच कराने और मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़े इंतजामों को समय से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि पर्वों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत दुर्गापूजा पंडालों, मूर्ति विसर्जन घाटों और रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बिजली, प्रकाश, सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा।

Tags: