चंदौली में अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार को NH-19 स्थित सिंघीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से 273 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान टीम ने अर्बन क्रूजर को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान वाहन से रॉयल ग्रीन और व्हाइट एंड ब्लू की 628 बोतलें बरामद हुईं। वाहन पर UP32MQ9312 की फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। जांच में वाहन का वास्तविक नंबर HR87J1833 पाया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक रावत (28), निवासी फरीदाबाद और शुभम तिवारी (35), निवासी फतेहपुर, हाल निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है।

अलीनगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 318(4), 319(2) BNS और 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Tags: