ऑटो बदलने के दौरान मां से बिछड़ी 10 माह की दूधमुंही बच्ची राधा को चकिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। मासूम के मिलते ही परिवार की चिंता खुशी में बदल गई।

जानकारी के अनुसार, महिला अपनी 10 माह की बच्ची राधा और चार अन्य बच्चों के साथ मायके अदलहाट जाने के लिए गोधना मोड़, अलीनगर से ऑटो में सवार हुई थी। सफर के दौरान राधा उसकी बड़ी बहन पार्वती की गोद में थी। सिकंदरपुर मोड़ पर ऑटो बदलते समय बच्ची अपनी मां से बिछड़ गई।

मासूम के गायब होने की सूचना मिलते ही चकिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के मार्गों और ऑटो के आवागमन की जानकारी जुटाकर सघन जांच की।

तलाश के दौरान पता चला कि बच्ची गलती से मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के बिकसी निवासी एक व्यक्ति के साथ चली गई थी। उक्त व्यक्ति ऑटो से पचोखर (बबुरी) स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था।

चकिया पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसकी मां को सौंप दिया। मासूम को गोद में लेते ही मां की आंखों में राहत और खुशी दिखाई दी। परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया।

इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, महिला उपनिरीक्षक खुशबू यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल कीर्ति द्विवेदी शामिल रहीं।

Tags: