तस्वीर में खैरवाड़ा के विकास पब्लिक स्कूल में वीपीएस उड़ान 2026 टैलेंट वीक के दौरान कैलीग्राफी का अभ्यास करते हुए विद्यार्थी।   

खेरवाड़ा स्थित विकास पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, खेल भावना और छिपी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से ‘वीपीएस उड़ान 2026 – द टैलेंट वीक’ का शुभारंभ 27 अक्टूबर को हुआ। 2 नवंबर तक चलने वाले इस प्रतिभा सप्ताह में नर्सरी से कक्षा सातवीं तक के विद्यार्थी विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेंगे।

एकेडमिक काउंसलर शशि कौर ने बताया कि आयोजन के दौरान कैलीग्राफी, दौड़ एवं रिले रेस, म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, बॉल गेम्स, पहेली, कहानी वाचन, प्रश्नोत्तरी और हस्तकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमताओं के अनुरूप प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

मंगलवार को आयोजन के पहले दिन कक्षा सातवीं, दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैलीग्राफी इंचार्ज रुचिका पंचाल ने कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों को कैलीग्राफी का अभ्यास करवाया। वहीं, कक्षा दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों के लिए बैलून रेस, रिंग पास और शरीर के अंगों के नाम लेते हुए बोतल कैच करने जैसी रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और रचनात्मक क्षमताओं का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्रदान करना है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में टीम भावना, सहयोग, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

‘उड़ान 2026’ के तहत विद्यार्थियों को खेल-खेल में सीखने, नई गतिविधियों का अनुभव प्राप्त करने और अपनी रुचि के अनुसार प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह प्रतिभा सप्ताह विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ उनके रचनात्मक, सामाजिक और व्यक्तिगत कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय की पहल है।

Tags: