खेरवाड़ा के विकास पब्लिक स्कूल की दो तीरंदाजों का कमाल, नेशनल आर्चरी कैंप में चयन
खेरवाड़ा के विकास पब्लिक स्कूल की दो तीरंदाज छात्राओं दर्शी डामोर और दर्शना सोलविया ने राज्य स्तर पर पदक जीतकर नेशनल कैंप में जगह बनाई है।
विकास पब्लिक स्कूल खेरवाड़ा की प्रधानाध्यापिका और राष्ट्रीय तीरंदाज दीक्षा जोशी के साथ नेशनल आर्चरी कैंप के लिए चयनित छात्राएं दर्शी डामोर और दर्शना सोलविया विद्यालय परिसर में खड़ी हैं।
खेरवाड़ा के विकास पब्लिक स्कूल की दो होनहार तीरंदाजों ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल आर्चरी कैंप में जगह बनाई है। छात्रा दर्शी डामोर और दर्शना सोलविया की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार रावल ने बताया कि 70वीं स्कूल स्तरीय राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा दर्शी डामोर ने 17 वर्षीय बालिका वर्ग के इंडियन राउंड में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। हनुमानगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा के एलिमिनेशन राउंड में दर्शी ने रजत पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने नेशनल कैंप में अपनी जगह सुनिश्चित की।
वहीं, विद्यालय की दूसरी छात्रा दर्शना सोलविया ने श्रीगंगानगर में आयोजित 14 वर्षीय बालिका वर्ग के इंडियन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल कैंप के लिए क्वालीफाई किया। दोनों छात्राओं ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर हासिल किया है।
नेशनल कैंप के लिए चयनित दोनों खिलाड़ियों के विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर खेरवाड़ा की रिकर्व राउंड की पहली नेशनल महिला तीरंदाज दीक्षा जोशी ने दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
दोनों छात्राएं आगामी दिनों में नेशनल ट्रायल के लिए रवाना होंगी। दर्शी डामोर और दर्शना सोलविया का नेशनल आर्चरी कैंप के लिए चयन विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब दोनों खिलाड़ियों की नजरें आगामी नेशनल ट्रायल पर रहेंगी।