खेरवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्टंट कर राहगीरों की जान जोखिम में डालने वालों की 18 पावर बाइक जब्त
खेरवाड़ा पुलिस ने सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर 18 पावर बाइक जब्त की। एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई जारी।
तस्वीर में खेरवाड़ा पुलिस थाने के बाहर खड़े पुलिसकर्मी और उनके सामने जब्त कर रखी गई विभिन्न पावर बाइक्स दिखाई दे रही हैं।
खेरवाड़ा में सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर आम राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाले बाइक चालकों के विरुद्ध पुलिस थाना खेरवाड़ा ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से कुल 18 पावर बाइक जब्त कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिस्नोई तथा वृत्ताधिकारी ऋषभदेव छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह विशेष अभियान संचालित किया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों पर खतरनाक स्टंट करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना था।
कार्रवाई के दौरान खेरवाड़ा पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर स्टंट कर रहे बाइक चालकों के कब्जे से कुल 18 पावर बाइक जब्त की। पुलिस के अनुसार संबंधित बाइक चालक सार्वजनिक मार्गों पर खतरनाक स्टंट कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहे थे।
पुलिस थाना खेरवाड़ा द्वारा जब्त किए गए सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के स्टंट न केवल वाहन चालक के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
पुलिस ने युवाओं से यातायात नियमों की पालना करने, सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट नहीं करने तथा अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया कि इस प्रकार के मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।