झुंथरी स्कूल में फिर गिरा छत का प्लास्टर, जर्जर भवन से खतरे में 250 विद्यार्थियों की पढ़ाई

झुंथरी स्कूल में जर्जर भवन की छत का प्लास्टर गिरा, हादसा टला। 250 विद्यार्थियों की पढ़ाई और 11 रिक्त पदों से बढ़ी चिंता।

Update: 2026-08-01 09:34 GMT

तस्वीर में झुंथरी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के जर्जर बरामदे की छत और फर्श पर बिखरे प्लास्टर के टुकड़े दिखाई दे रहे हैं।

खेरवाड़ा उपखंड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झुंथरी में शनिवार सुबह करीब 9 बजे जर्जर भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय बरामदे में कोई छात्र, शिक्षक या अन्य कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार जर्जर भवन में प्लास्टर गिरने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार भवन की छत का प्लास्टर गिर चुका है। विद्यालय की ओर से भवन की गंभीर स्थिति की जानकारी कई बार प्रशासन को लिखित रूप से दी जा चुकी है।

विद्यालय प्रशासन ने अप्रैल 2026 में जिला कलक्टर, एसडीएम एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भी भवन की खराब स्थिति से अवगत कराया था। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों को भी ज्ञापन सौंपे गए थे। जिला कलक्टर, पीडब्ल्यूडी और एसडीएम ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झुंथरी में वर्तमान में करीब 250 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में कुल 19 पद स्वीकृत हैं, लेकिन प्रधानाचार्य सहित 11 पद रिक्त होने के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पर्याप्त शिक्षक और कमरों के अभाव में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई भी बाधित हो रही है।

विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों ने जर्जर भवन को तत्काल असुरक्षित घोषित कर मरम्मत या नए भवन निर्माण की मांग की है। साथ ही रिक्त शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरने की मांग भी उठाई गई है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सके और विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो।

Tags:    

Similar News