खरीफ फसल बीमा की अंतिम तिथि बढ़ी, किसानों को अब 16 अगस्त तक मिलेगा मौका

खेरवाड़ा में खरीफ 2026 फसल बीमा की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ी, किसानों को आवेदन, संशोधन और योजना से जुड़ी नई जानकारी मिली।

Update: 2026-08-01 09:57 GMT

खेरवाड़ा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 फसलों का बीमा कराने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। खरीफ फसलों के बीमा की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर अब 16 अगस्त कर दी गई है। तिथि बढ़ने से ऋणी, गैर-ऋणी और पात्र बटाईदार किसानों को बीमा कराने के लिए 16 दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि किसान राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल, बैंक, सहकारी समितियों, कॉमन सर्विस सेंटर और अन्य अधिकृत वित्तीय संस्थानों के माध्यम से फसल बीमा के लिए आवेदन कर सकते हैं। गैर-ऋणी किसानों के लिए एग्रीस्टैक आईडी अनिवार्य होगी।

उन्होंने बताया कि बीमित फसल के नाम में 14 अगस्त तक संशोधन कराया जा सकेगा। वहीं, योजना से बाहर होने के इच्छुक किसानों को 9 अगस्त तक घोषणा पत्र जमा करना होगा। खरीफ की खाद्यान्न, दलहन और तिलहन फसलों के लिए किसानों को 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि शेष प्रीमियम केंद्र और राज्य सरकार वहन करेगी।

वर्तमान समय में अनावृष्टि और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा बीमा की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने से किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। इससे फसल उत्पादन नहीं होने की स्थिति में होने वाले संभावित नुकसान से किसानों को सुरक्षा मिल सकेगी।

वहीं, केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को अगले 5 वर्ष तक जारी रखने के निर्णय का क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है। पूर्व विधायक नानालाल आहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी देवी आहारी, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता सहित अन्य नेताओं ने इसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया है।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बढ़ाई गई अंतिम तिथि से अब अधिक संख्या में पात्र किसान खरीफ 2026 फसलों का बीमा करा सकेंगे, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में उन्हें योजना का लाभ मिल सकेगा।

Tags:    

Similar News