तस्वीर में पुलिसकर्मी और एक व्यक्ति सफेद किआ सेल्टोस कार के पास बरामद शराब के कार्टनों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा में पाटिया थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर से भरी किआ सेल्टोस कार जब्त की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार की तलाशी लेकर शराब के कुल 38 कार्टन बरामद किए और कार चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव छगन पुरोहित के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी रमेशचन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर राजस्थान-गुजरात बॉर्डर पर स्थित झांझरी नाल में विशेष नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार नंबर GJ18BM5096 को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी में कार से अवैध रूप से परिवहन की जा रही राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब एवं बीयर के कुल 38 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से कार चालक एवं उसके साथी को गिरफ्तार कर वाहन और शराब जब्त कर ली।

पुलिस के अनुसार, बरामद माल में राजस्थान निर्मित बीयर के 21 कार्टन तथा अंग्रेजी शराब के 17 कार्टन शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपये तथा किआ सेल्टोस वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने करीब 18 लाख रुपये का माल मशरूका जब्त किया है।

मामले में पुलिस ने लोकश पुत्र दिनेश, उम्र 27 वर्ष, निवासी नगर, थाना पहाड़ा, जिला उदयपुर तथा जितेन्द्र पुत्र कमलेश, उम्र 28 वर्ष, निवासी सेक्टर-09, थाना सवीना, जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी रमेशचन्द्र, सहायक उप निरीक्षक सुखलाल, सहायक उप निरीक्षक मनीष मीणा, हेड कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार, कांस्टेबल अक्षय कुमार एवं कांस्टेबल ईश्वरलाल शामिल रहे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की जांच एवं कार्रवाई शुरू कर दी है।

Tags: