तस्वीर में उदयपुर की सड़क पर हाथों में बैनर लेकर विश्व शांति और पर्यावरण सुरक्षा के नारे लगाते हुए मार्च निकालते नागरिक और जनसंगठन के प्रतिनिधि नजर आ रहे हैं।

उदयपुर, 6 अगस्त। नागरिक एवं जनसंगठनों के साझा मंच के तत्वावधान में हिरोशिमा दिवस के अवसर पर नगर में विश्व शांति की स्थापना, पर्यावरण की सुरक्षा तथा अन्यायकारी युद्धों के विरोध में टाउन हॉल से एक जुलूस निकाला गया। यह जुलूस सूरजपोल, बापू बाजार होते हुए दिल्ली गेट चौराहे तक पहुंचा।

जुलूस में विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधि एवं नागरिक हाथों में साम्राज्यवाद और युद्ध विरोधी तख्तियां लेकर दो-दो की कतार में नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच प्रचार पर्चे भी वितरित किए।

दिल्ली गेट स्थित शांति आनंदी चौराहे पर आयोजित सभा की शुरुआत मंच के संयोजक मन्नाराम डांगी ने जुलूस के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए की। इसके बाद भाकपा (माले) के शंकर लाल चौधरी, माकपा के हीरालाल सालवी, अखिल भारतीय किसान सभा की लीला देवी, पत्रकार हिम्मत सेठ, बोहरा यूथ के आबिद अदीब, मल्ला तलाई के पार्षद हिदायतुल्लाह, पीयूसीएल के अरुण व्यास तथा भाकपा के हिम्मत चांगवाल ने अपने विचार व्यक्त किए।

सभा के अंत में अशोक 'मंथन' ने युद्ध विरोधी कविता का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन जनवादी मजदूर यूनियन के डी.एस. पालीवाल ने किया। विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण और अन्यायकारी युद्धों के विरोध के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Tags: