राजस्थान शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अध्यापक से वाणिज्य विषय के व्याख्याता पद पर पदोन्नत शिक्षकों में काउंसलिंग प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पदोन्नति सूची जारी हुए 38 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक काउंसलिंग की तिथि घोषित नहीं होने से पदोन्नत व्याख्याता असमंजस की स्थिति में हैं।

पदोन्नत शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा विभाग अन्य विषयों की काउंसलिंग प्रक्रियाएं समय-समय पर आयोजित कर रहा है, जबकि वाणिज्य विषय के पदोन्नत व्याख्याताओं की काउंसलिंग अब तक लंबित है। इस कारण शिक्षकों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

शिक्षकों के अनुसार नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन काउंसलिंग नहीं होने के कारण वे अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। इसका सीधा प्रभाव सरकारी विद्यालयों में वाणिज्य विषय की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई विद्यालयों में विषय विशेषज्ञों की अनुपलब्धता के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है।

पदोन्नत व्याख्याताओं ने शिक्षा विभाग से विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र काउंसलिंग आयोजित कर पदस्थापन आदेश जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब से शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है और विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

व्याख्याताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र काउंसलिंग की तिथि घोषित नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से शिक्षा विभाग के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उनका कहना है कि यह केवल पदोन्नत शिक्षकों का ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

Tags: