खेरवाड़ा के विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर, बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया व सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी
खेरवाड़ा के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया, सर्वाइकल कैंसर और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
तस्वीर में खेरवाड़ा के आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के गलियारे में चिकित्सा टीम विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए नजर आ रही है।
खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत थाणा स्थित आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में खंड चिकित्सा अधिकारी नयागांव डॉ. निकुंज कलासुआ के निर्देशन में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ-साथ बालिकाओं को किशोरी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
जागरूकता सत्र के दौरान वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी दुर्गा तीरगर ने बालिकाओं को यौन शोषण एवं उत्पीड़न से बचाव, सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने की जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने किशोरियों में एनीमिया की समस्या से बचाव के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा आयरन की गोलियों का नियमित सेवन करने की सलाह दी। साथ ही गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) के शुरुआती लक्षण, इसकी रोकथाम तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी देते हुए समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान चिकित्सा टीम ने विद्यार्थियों का चरणबद्ध स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड ग्रुप, हीमोग्लोबिन, वजन और लंबाई की जांच की गई। जांच में अस्वस्थ पाए गए विद्यार्थियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा मौके पर नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
शिविर में समुदाय स्वास्थ्य अधिकारी हेमिनी रोत, विष्णु लबाना, प्रयोगशाला सहायक कमलेश शर्मा, प्रसविका इन्द्रा गरासिया, गीता कुमारी तथा आशा सहयोगिनी संगीता तीरगर, अरुणा गरासिया और रक्षा गरासिया ने अपनी सेवाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के सहायक निदेशक ईश्वर लाल पटेल एवं प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर में विद्यालय स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों का लाभ उठाया।