उदयपुर में हरियाली अमावस्या मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर श्री उमेश ओझा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरियाली अमावस्या का मेला 12.08.2026 और 13.08.2026 को फतहसागर की पाल और सहेलियों की बाड़ी, उदयपुर में आयोजित होगा। मेले में बड़ी संख्या में बच्चे, पुरुष और महिलाएं पहुंचेंगी।

13.08.2026 को फतहसागर की पाल एवं सहेलियों की बाड़ी, उदयपुर में केवल महिलाओं के लिए मेला आयोजित होगा। मेले में पैदल आने वाले मेलार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने विभिन्न प्वाइंटों पर डिवाइडर और जवान तैनात कर यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था की है।

12.08.2026 और 13.08.2026 को पहाड़ी बस स्टैंड से सहेलियों की बाड़ी की तरफ, फतहपुरा चौकी से सहेलियों की बाड़ी की तरफ, अरावली वाटिका से काला किवाड़, फतहसागर और यूआईटी तक, देवाली तिराहा से फतहसागर पाल पर तथा आयुर्वेदिक चौराहा से काला किवाड़, शिक्षा भवन और चेतक सर्कल की तरफ वाहनों का आवागमन निषेध रहेगा।

इसी प्रकार शिक्षा भवन और दैत्य मगरी से रेलवे कॉलोनी एवं यूआईटी चौराहा की तरफ भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। रानी रोड वाया देवाली से फतहपुरा तक तथा महाकालेश्वर से आयुर्वेदिक चौराहा, अंबावगढ़ तक बसों का आवागमन पूर्णतया निषेध रहेगा।

फिल्ड क्लब में तथा दुपहिया वाहनों की पार्किंग फतहपुरा पुलिस चौकी से सहेलियों की बाड़ी की तरफ दीवार के सहारे होगी। इसके अलावा लव-कुश स्टेडियम के पास और आकाशवाणी की गली, स्वरूप सागर की पाल पर होमगार्ड ऑफिस के पास, पंचवटी चौराहा और नीमच माता पार्किंग में भी पार्किंग व्यवस्था रहेगी।

नाथद्वारा की तरफ से मेले में आने और जाने वाले सभी प्रकार के वाहन सेलिब्रेशन मॉल के पास लिंक रोड एवं सो फीट रोड के किनारे पार्क करेंगे।

झाड़ोल-मल्लातलाई मार्ग की तरफ से आने वाले चार पहिया वाहन आयुर्वेदिक चौराहा से स्वरूप सागर की ओर जाने वाले मार्ग से अरावली वाटिका, शिक्षा भवन चौराहा और झरिया मार्ग होते हुए हाथीपोल से गुजरेंगे।

बड़ी की तरफ से आने वाले वाहन गौरव प्रताप केंद्र से बड़गांव साईफन होते हुए फतहपुरा चौराहा की तरफ आएंगे, जबकि जाने वाले वाहन देवाली नहर से गौरव प्रताप केंद्र होते हुए बड़ी की तरफ जा सकेंगे।

बड़गांव की तरफ से मेले में आने वाली बसें साईफन तक आ सकेंगी। झाड़ोल की तरफ से आने वाली रोडवेज बसों का रूट नया खेड़ा से काया हाईवे पारस होते हुए आने-जाने का रहेगा।

मेले में झाड़ोल की तरफ से आने वाली सिटी बसों एवं वाहनों का आवागमन रामपुरा, मल्लातलाई से महाकालेश्वर तक रहेगा।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मेले के दौरान यातायात पुलिस को पूर्ण सहयोग दें तथा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रास्ता दें। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए उपरोक्त यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

Tags: