इंद्रदेव हुए प्रसन्न, इंटाली में ढाई घंटे में 24 मिमी बारिश से खिले किसानों के चेहरे
फतहनगर के इंटाली में ढाई घंटे में 24 मिमी बारिश हुई। खेड़ा खुट माताजी की पूजा के दो दिन बाद हुई बारिश से किसानों में खुशी छाई।
फतहनगर। लंबे अंतराल के बाद आखिरकार क्षेत्र में इंद्रदेव प्रसन्न हुए और झमाझम बारिश हुई। इंटाली ग्राम में करीब ढाई घंटे तक हुई बारिश में 24 मिमी पानी दर्ज किया गया। बारिश के बाद चारों ओर पानी ही पानी नजर आया और किसानों के चेहरे खिल उठे।
इससे पूर्व बारिश की कामना को लेकर इंटाली ग्राम के पटेल, मोतबीर एवं ग्रामीणजन बाजे-गाजे के साथ खेड़ा खुट माताजी की पोशाक लेकर माता के दरबार में पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, खेड़ा खुट माताजी को लेकर शुरू से ही यह मान्यता चली आ रही है कि माता के दरबार में की गई प्रार्थना के बाद बारिश अवश्य होती है। इस बार भी ग्रामीणों की आस्था के अनुरूप दो दिन बाद इंद्रदेव प्रसन्न हुए और क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। ग्रामीण इसे माता के आशीर्वाद का प्रत्यक्ष प्रमाण मान रहे हैं।
बारिश से खेतों में पानी पहुंचने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों में खुशी का माहौल है। इंटाली सहित आसपास के बड़गांव, उदा खेड़ा, मना खेड़ा, रोहिड़ा, चायला खेड़ा और जोधाणा गांवों में भी बारिश होने के समाचार हैं।
क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों को राहत मिलने के साथ खरीफ की फसलों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।