उदयपुर में रानी रोड पर राजीव गांधी पार्क के पास 12 अगस्त 2026 को पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए नए पर्यटक पुलिस बूथ का उद्घाटन किया जाएगा।

उदयपुर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता और सुगम आवागमन को और मजबूत करने के लिए पर्यटन पुलिस थाना जिला उदयपुर नई पहल करने जा रहा है। रानी रोड स्थित राजीव गांधी पार्क के पास 12 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे नवीन पर्यटक बूथ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।

पर्यटन पुलिस की ओर से उदयपुर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों गुलाब बाग, दूधतलाई, सहेलियों की बाड़ी, फतहसागर और सुखाड़िया सर्कल पर पर्यटक पुलिस का जाप्ता मुस्तैद रहता है। इसके साथ ही प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 24 पर्यटक पेट्रोलिंग टीम गश्त करती है।

रानी रोड और राजीव गांधी पार्क के पास पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए नवीन पर्यटक बूथ की स्थापना की जा रही है। इसका उद्देश्य पर्यटकों से जुड़ी किसी भी समस्या का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

नवीन पर्यटक बूथ का उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश ओझा, पुलिस उप अधीक्षक वृत्त नगर (पश्चिम) श्री राजेश यादव और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त नगर (पूर्व) श्रीमती छवी शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

पर्यटकों की सहायता के लिए उदयपुर पुलिस ने कंट्रोल रूम का नंबर 0294 2414600, टूरिस्ट पुलिस का नंबर 0294 2425242 और टूरिस्ट हेल्पलाइन 73000 59984 जारी किया है। नए पर्यटक बूथ के शुभारंभ के साथ रानी रोड और राजीव गांधी पार्क क्षेत्र में पर्यटकों को सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने की पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

उदयपुर पुलिस ने इस अवसर पर सभी मीडिया बंधुओं को सादर आमंत्रित किया है और समय पर पधारने का आग्रह किया है।

Tags: