चंगेडी पंचायत: सास से बहू के हाथ आई सत्ता, नौसर देवी ने संभाला कार्यभार
पंडित कमलाशंकर दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नौसर देवी को विधिवत पदभार ग्रहण कराया, जिससे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
चंगेडी ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच नौसर देवी ने कार्यभार संभाला।
फतेहनगर। ग्राम पंचायत चंगेडी में शनिवार को पंचायत की कमान एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी के हाथों में पहुंच गई। निवर्तमान सरपंच सुमित्रा देवी जाट से उनकी बहू नौसर देवी जाट ने ग्राम पंचायत का कार्यभार संभाल लिया। काकी सास से बहू तक पहुंचे इस जिम्मेदारी के हस्तांतरण के बीच नवनिर्वाचित सरपंच नौसर देवी जाट ने शनिवार को दोपहर 12.15 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित समारोह में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर पंडित कमलाशंकर दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना करवाई और नौसर देवी जाट को कार्यग्रहण करवाया। इसके बाद उन्होंने अपनी काकी सास एवं निवर्तमान सरपंच सुमित्रा देवी जाट से पंचायत का कार्यभार संभाला। ग्रामीणों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में पारिवारिक रिश्तों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का अनूठा संगम देखने को मिला।
पदभार ग्रहण समारोह में बड़गांव सरपंच प्रतिनिधि दिलीप जाट, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष धर्मेश चपलोत, मोहनलाल जाट, सरपंच पति भगवान लाल जाट, भगवती लाल जाट सहित ग्राम पंचायत के वार्ड पंच, अनेक ग्रामीण और प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित सरपंच नौसर देवी जाट का स्वागत-अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नए नेतृत्व के साथ ग्राम पंचायत चंगेडी में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीदों के बीच नौसर देवी जाट का कार्यकाल शुरू हो गया है। ग्रामीणों को आशा है कि वे गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पंचायत को विकास की नई दिशा प्रदान करेंगी।