मेनार ग्राम पंचायत में भगवान श्री एकलिंगनाथजी को सर्वोच्च उत्तराधिकारी मानकर पदभार ग्रहण किया गया।  

खेरोदा/मेनार। वल्लभनगर उपखण्ड क्षेत्र की मेनार ग्राम पंचायत में शनिवार को लाभ पंचमी के शुभ अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और सभी वार्ड पंचों का पदभार ग्रहण समारोह धार्मिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित हुआ। समारोह में भगवान श्री एकलिंगनाथजी को ग्राम पंचायत का सर्वोच्च उत्तराधिकारी मानकर उनकी साक्षी में नई पंचायत ने कार्यभार संभाला।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती सुमित्रा रमेशचंद्र सांगावत, उपसरपंच एवं सभी वार्ड पंच मेवाड़ के राजाधिपति भगवान श्री एकलिंगनाथजी पर पुष्प वर्षा करते हुए ग्राम पंचायत पहुंचे। यहां पंडित ललितशंकर भट्ट और रमेश चौबीसा ने मंत्रोच्चार के बीच ग्रामीणों की उपस्थिति में भगवान श्री एकलिंगनाथजी को कुर्सी पर विराजित करवाया। भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उन्हें ही पंचायत का उत्तराधिकारी बनाया गया तथा सरपंच की प्लेट भगवान श्री एकलिंगनाथजी के समक्ष रखी गई।

समारोह का शुभारंभ सरपंच सुमित्रा रमेशचंद्र सांगावत द्वारा भगवान श्री एकलिंगनाथजी को कुर्सी पर विराजित करवाकर पूजा-अर्चना करने के साथ हुआ। इसके बाद सरपंच श्रीमती सुमित्रा रमेशचंद्र सांगावत ने भगवान एकलिंगनाथजी और ग्रामीणों का आशीर्वाद लेकर विधिवत ग्राम पंचायत का कार्यभार ग्रहण किया।


इसके पश्चात उपसरपंच संजय लच्छीरामोत सहित सभी वार्ड पंचों ने शुभ मुहूर्त में पंडित के सानिध्य में पूर्ण मंत्रोच्चार के साथ पदभार संभाला। इनमें वार्ड पंच नरेश भील, कविता लोकेश पुंडरोत, कैलाश देवी हीरालाल सुथार, नीमतलाल रूपावत, धनलाल मानावत, अभिषेक मेरावत, रेखा राजकुमार भानावत, कंचन देवी दुर्गाशंकर दियावत, मीना देवी दयाशंकर लुणावत, संगीता पुष्कर मेरावत, दीपक दास वैष्णव और किशनलाल मेघवाल शामिल रहे।

इस दौरान ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं सभी वार्ड पंचों का तिलक लगाकर, मोटड़ा और उपरणा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने नई पंचायत से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई।

वार्ड पंच कविता लोकेश मेनारिया ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री अवार्ड से सुशोभित श्यामसुंदर पालीवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती सुमित्रा देवी सांगावत एवं वरिष्ठ अधिवक्ता तथा पूर्व प्रधान हुक्मीचंद सांगावत ने की।


समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व बार अध्यक्ष अधिवक्ता पन्नालाल मारु, मेनार के उपसरपंच संजय लच्छीरामोत, पूर्व उपसरपंच मांगीलाल सिंगावत, मेनार के पूर्व सरपंच प्रमोद कुमार ढोली, भाजपा मेनार मंडल अध्यक्ष विजयलाल मेरावत, बालाथल सरपंच तरुण जाट, रुंडेड़ा सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मीलाल मेनारिया, समाजसेवी मोतीलाल भट्ट, पुरुषोत्तम शर्मा, पुरुषोत्तम रूपावत, वल्लभनगर बार अध्यक्ष बाबूलाल डांगी, भमरासिया सरपंच जगदीश ढोली, ढावा सरपंच प्रतिनिधि मदनलाल कीर और गोशाला संचालक श्याम चोबीसा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का मोटड़ा, तिलक और उपरणा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। वहीं पद्मश्री अवार्ड से सुशोभित श्यामसुंदर पालीवाल ने भी अपनी ओर से नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं समस्त वार्ड पंचों का स्वागत-अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन हीरालाल सुथार ने किया।

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि एवं अधिवक्ता रमेशचंद्र सांगावत ने कहा कि गांव के चहुंमुखी विकास के लिए समस्त ग्रामवासियों से सलाह लेकर और सबकी सहमति से निर्णय करते हुए कार्य किए जाएंगे। विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

भगवान श्री एकलिंगनाथजी को साक्षी मानकर पदभार ग्रहण करने वाली मेनार की नई पंचायत ने ग्रामीणों के सहयोग और सामूहिक निर्णय के आधार पर गांव के सर्वांगीण विकास का संकल्प व्यक्त किया।

Tags: