उदयपुर जिले के फलासिया कस्बे में सड़कों पर लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर खतरनाक स्टंट करने और आमजन को भयभीत करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत जब्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी खेरवाड़ा विवेकसिंह, वृत्ताधिकारी झाड़ोल के सुपरविजन में थानाधिकारी वेलाराम की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

फलासिया पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान कस्बे की सड़कों पर लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर खतरनाक स्टंट करने और आमजन को भयभीत करने की शिकायत मिली। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सचिन पुत्र प्रकाश, उम्र 23 वर्ष, निवासी फलासिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट के तहत जब्त कर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और आमजन की सुरक्षा को जोखिम में डालने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण करना है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी वेलाराम, सहायक उप निरीक्षक कालूलाल तथा कांस्टेबल भगवती लाल, जगदीश, बनवारी और नाहरसिंह शामिल रहे।

Tags: