फ्लासिया में सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी करने वाला 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार, बाइक जब्त
फलासिया थाना पुलिस ने सड़कों पर लापरवाही से स्टंट कर राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाले 23 वर्षीय आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त की।
फ्लासिया कस्बे में सड़कों पर लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर खतरनाक स्टंट करने और आमजन की जान जोखिम में डालने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्री रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी झाड़ोल श्री विवेक सिंह के सुपरविजन में फलासिया थानाधिकारी श्री वेलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़कों पर स्टंटबाजी कर राहगीरों और आमजन की जान जोखिम में डालने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान फलासिया कस्बे की सड़कों पर लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर खतरनाक स्टंट करने और आमजन को भयभीत करने की शिकायत मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन, पुत्र प्रकाश, उम्र 23 वर्ष, निवासी फलासिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में फलासिया थानाधिकारी श्री वेलाराम, श्री कालूलाल उपनिरीक्षक, श्री भगवतीलाल कांस्टेबल नंबर 2620, श्री जगदीश कांस्टेबल नंबर 1770, श्री बनवारी कांस्टेबल नंबर 1625 और श्री नाहरसिंह चालक कांस्टेबल नंबर 1621 शामिल रहे।