मोक्षार्थ फाउंडेशन एवं मांजी मंदिर सनातन भक्त परिवार के तत्वावधान में चांदपोल स्थित मांजी मंदिर में सर्व पितृ अमावस्या पर वैदिक तर्पण एवं पितृ दोष निवारण अनुष्ठान में उपस्थित श्रद्धालुगण।

सर्व पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर शनिवार, 10 अक्टूबर को चांदपोल स्थित मांजी मंदिर में वैदिक तर्पण, विशेष संकल्प और पितृ दोष निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मोक्षार्थ फाउंडेशन एवं मांजी मंदिर सनातन भक्त परिवार के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में सर्व समाज के श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से तर्पण कर अपने पितरों का स्मरण किया और उनके प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

प्रातः 8 से 11 बजे तक चले इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने सनातन वैदिक परंपराओं के अनुसार तर्पण और विशेष संकल्प के माध्यम से अपने पूर्वजों के प्रति आस्था प्रकट की। कार्यक्रम का आयोजन मोक्षार्थ फाउंडेशन के संस्थापक पंडित लीलेश जोशी एवं राहुल सनाढ्य के नेतृत्व में किया गया।

मांजी मंदिर सनातन भक्त परिवार के सहसंयोजक रोहित चौबीसा ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ सनातन वैदिक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। उन्होंने बताया कि सर्व समाज की सहभागिता से आयोजित इस अनुष्ठान के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर निर्मला चौबीसा एवं भारत अजमेरा ने सभी के मंगल, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रबुद्धजन पूर्णेश पुरोहित एवं एकलिंग नाथ पालीवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से सनातन संस्कृति और वैदिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

Tags: