फतहनगर की बेटियों का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल में कमाल, नैनीशा और हिमांशी ने जीता कांस्य पदक
उदयपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए नैनीशा और हिमांशी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया, विद्यालय में हुआ अभिनंदन।
फतह एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय फतहनगर में राज्य स्तरीय अंडर-19 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता छात्राओं नैनीशा दमामी और हिमांशी पालीवाल का स्वागत करते निदेशक डॉ. अजय जैन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरेश खोईवाल और खेल प्रशिक्षक गौरी शंकर कुमावत।
फतहनगर। फतह एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर की छात्राओं नैनीशा दमामी और हिमांशी पालीवाल ने राज्य स्तरीय अंडर-19 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उदयपुर टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दोनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में उनका उपरना ओढ़ाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
प्रतियोगिता में नैनीशा दमामी, पुत्री टिंकल दमामी, और हिमांशी पालीवाल, पुत्री महेंद्र पालीवाल, ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। नैनीशा दमामी इससे पहले भी राजस्थान की टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। दोनों छात्राओं की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. अजय जैन ने बताया कि इस सत्र में विद्यालय के कुल 12 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है। उन्होंने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण को दिया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी सुरेश खोईवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, लगन और उचित मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने खेल प्रशिक्षक गौरी शंकर कुमावत और दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि उत्कृष्ट प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय ने भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।