तस्वीर में सूने मकान के कमरे में खुला हुआ संदूक और बिखरा हुआ सामान दिख रहा है।

खेरवाड़ा के निचला खेरवाड़ा क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दरवाजों के कुंडे तोड़कर मकान में घुसे और अलमारियों, पेटियों सहित घर का सामान बिखेर दिया। मकान मालिक नरेंद्र भाटिया के शनिवार को पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने पर खेरवाड़ा थाना पुलिस थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। उदयपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

जानकारी के अनुसार, निचला खेरवाड़ा निवासी नरेंद्र एवं किशन पुत्र मूलचंद भाटिया अपने परिवारों के साथ अहमदाबाद में रहते हैं, जहां वे व्यवसाय करते हैं। दोनों समय-समय पर खेरवाड़ा स्थित अपने मकान की देखभाल के लिए आते रहते हैं। शनिवार को नरेंद्र भाटिया मकान पर पहुंचे तो दरवाजों के कुंडे टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों, पेटियों और घर का अन्य सामान बिखरा पड़ा था।

बताया जाता है कि परिजन सप्ताह भर पहले भी मकान की सार-संभाल करके गए थे। मकान मालिक नरेंद्र भाटिया के अनुसार, घर में सोने की दो चेन, सोने की एक अंगूठी, चांदी की दो बंगड़ी, चांदी के दो कड़े और कुछ नकदी रखी हुई थी, जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

मकान की स्थिति देखकर नरेंद्र भाटिया ने आसपास के पड़ोसियों को सूचना दी और खेरवाड़ा थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना पर थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद उदयपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

चोरी हुए सामान की कीमत हजारों रुपये में बताई जा रही है। नरेंद्र भाटिया की रिपोर्ट पर खेरवाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूने मकान में चोरी की इस वारदात के बाद अब पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Tags: