जैन पत्रकारिता को नई दिशा, ऊर्जा और राष्ट्रीय पहचान देने के उद्देश्य से 29 नवंबर 2026 को जयपुर में राष्ट्रीय जैन पत्रकार महासम्मेलन एवं वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। देशभर के जैन पत्रकारों, संपादकों, साहित्यकारों, लेखकों और प्रबुद्ध विचारकों का यह राष्ट्रीय समागम श्री गोलोक धाम, निमोडिया, चाकसू में आयोजित होगा। सम्मेलन का आयोजन परम पूज्य आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में किया जाएगा, जबकि इसकी संयोजन व्यवस्था जैन पत्रकार महासंघ (रजि.) संभालेगा।

रविवार, 29 नवम्बर 2026 को होने वाले इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जैन पत्रकारिता की वर्तमान दशा और दिशा पर गंभीर वैचारिक मंथन करना है। इसके साथ ही समाज, संस्कृति एवं धर्म के संरक्षण में पत्रकारिता की भूमिका को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के मुख्य वक्ताओं के उद्बोधन होंगे। इसके अलावा समसामयिक विषयों पर सार्थक वैचारिक विमर्श, विशिष्ट अतिथियों का सम्मान तथा जैन पत्रकारिता पुरस्कार एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण प्रतिष्ठित राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार-2026 होगा। जैन पत्रकारिता के क्षेत्र में सत्य, निष्पक्षता एवं धर्मप्रभावना के लिए उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए इस वर्ष यह पुरस्कार ‘दैनिक समाचार जगत, जयपुर’ को प्रदान किया जाएगा।

इस राष्ट्रीय आयोजन की जिम्मेदारी चातुर्मास आयोजन समिति, गोलोक धाम, निमोडिया, चाकसू, जयपुर की है। वहीं, जैन पत्रकार महासंघ (रजि.) सम्मेलन का संयोजन कर रहा है। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या ने देशभर के पत्रकारों से इस वैचारिक महाकुंभ में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

मुख्य संयोजक राकेश जैन ‘चपलमन’, कोटा के नेतृत्व में संयोजक दीपक गोधा, मनोज जैन एवं सुरेंद्र बड़जात्या सम्मेलन की तैयारियों में जुटे हैं। देशभर के जैन पत्रकारों और प्रबुद्धजनों की सहभागिता के साथ यह आयोजन जैन पत्रकारिता की दशा-दिशा, सामाजिक सरोकारों और धर्म-संस्कृति के संरक्षण में मीडिया की भूमिका पर राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श का मंच बनेगा।

Tags: