पंचायती राज चुनाव से पहले उदयपुर पुलिस की साइबर सुरक्षा एडवाइजरी, 1930 पर दें सूचना
पंचायती राज चुनाव को लेकर उदयपुर पुलिस ने साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। खेरवाड़ा, बावलवाड़ा, पहाड़ा और पाटिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी, फर्जी संदेश और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की।
खेरवाड़ा, पंचायती राज चुनाव को लेकर उदयपुर पुलिस ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इसी क्रम में खेरवाड़ा, बावलवाड़ा, पहाड़ा एवं पाटिया थाना क्षेत्रों के थानाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से चुनाव के दौरान सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की है।
पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में नागरिकों को संदिग्ध ई-मेल और मैसेज से सावधान रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी के साथ निजी अथवा गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही फर्जी कॉल और संदेशों के माध्यम से ठगी करने वालों से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक जानकारी को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की गई है।
पुलिस ने नागरिकों को अपने डिवाइस एवं अकाउंट की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड रखने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने की सलाह दी है। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी या साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
खेरवाड़ा, बावलवाड़ा, पहाड़ा एवं पाटिया थाना पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि चुनाव के दौरान अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जिम्मेदार नागरिक बनें” का संदेश देते हुए सुरक्षित चुनाव एवं सुरक्षित लोकतंत्र में आमजन की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।