उदयपुर के नयागांव में पंचायत समिति प्रत्याशियों का नामांकन जमा कराने के बाद कार्यकर्ताओं की जनसभा को संबोधित करते विधायक डॉ. दयाराम परमार।

नयागांव पंचायत समिति में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का दावा करते हुए विधायक एवं पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. दयाराम परमार ने कहा कि पंचायत समिति के सभी 15 वार्डों में कांग्रेस के उम्मीदवार जीतेंगे और पंचायत समिति में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

डॉ. परमार 22 अक्टूबर को पंचायत समिति नयागांव में कांग्रेस पार्टी के पंचायत समिति प्रत्याशियों के आवेदन उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के पास जमा कराने के बाद आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उपखंड अधिकारी कार्यालय से दूर आयोजित इस सभा में कार्यकर्ता और पंचायत समिति सदस्य पद के प्रत्याशी मौजूद रहे। डॉ. परमार ने अपने संबोधन में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा झूठों की पार्टी है। देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है और बेरोजगार युवाओं पर अत्याचार किया जा रहा है।

उन्होंने भाजपा को पूंजीपतियों और उद्योगपतियों की पार्टी बताते हुए कहा कि उसकी नीतियां गरीब विरोधी हैं। डॉ. परमार ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की थीं, जिन्हें भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताकर पार्टी को मजबूत बनाया जाए।

नयागांव क्षेत्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. परमार ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान नयागांव उपखंड में कनबई में उपतहसील और नयागांव में पुलिस चौकी खोली गई थी, लेकिन भाजपा सरकार के आते ही इन्हें बंद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनजाति क्षेत्र में विकास के कार्य नहीं करना चाहती और इसे जनविरोधी सरकार बताया।

सभा को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा के कोषाध्यक्ष भरत जैन, कांग्रेस पाटिया मंडल अध्यक्ष केशव लाल खराड़ी और नयागांव मंडल अध्यक्ष बसन्त कुमार सोलविया ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर देहात जिला कांग्रेस कमेटी उदयपुर के महासचिव पन्नालाल परमार, ब्लॉक महासचिव अमृत लाल सालवी, बाबूलाल अहारी, सुन्दरा मंडल अध्यक्ष शंभु लाल खराड़ी, चितौडा मंडल अध्यक्ष लिम्बाराम गरासिया, ब्लॉक कांग्रेस महिला अध्यक्ष कमला देवी परमार, ब्लॉक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष नर्मिचन्द पाण्डोर, पटेल समाज के पूर्व अध्यक्ष गौतम लाल पटेल, असारीवाड सरपंच सुरेश अहारी, कल्पेश डामोर, अजेय डामोर, रमणलाल भगोरा, दिनेश पटेल, लक्ष्मण पचौला, पूर्व सरपंच हरीश खराड़ी, पूर्व सरपंच लक्ष्मण डामोर, पूर्व सरपंच बन्शीलाल बरण्डा, पूर्व सरपंच जीवन प्रकाश डोडीयार, देवी लाल मेघवाल, मूलीराम अहारी, अशोक गमेती और शान्ति लाल डोडात सहित पंचायत समिति सदस्य पद के उम्मीदवार और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Tags: