खेरोदा में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, पंचायत समिति में त्रिकोणीय मुकाबला तो जिला परिषद में कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
खेरोदा पंचायत समिति सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला और जिला परिषद सदस्य पद के लिए भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
खेरोदा के मतदान केंद्र पर पंचायती राज चुनाव के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतार में खड़े ग्रामीण और मतदाता पहचान पत्र दिखाते लोग।
खेरोदा में पंचायती राज चुनाव के तहत पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस पर्व में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं और ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पंचायत समिति सदस्य की सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने से चुनावी संघर्ष रोचक बना हुआ है। कांग्रेस की ओर से अनिल मेघवाल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से प्रकाश मेघवाल और कुबेर सेना से श्याम लाल खटीक चुनाव मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों की सक्रियता के चलते इस सीट पर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
वहीं, जिला परिषद सदस्य पद के लिए कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला रहा। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी दुर्गा शंकर मेनारिया और भाजपा प्रत्याशी घनश्याम मेनारिया आमने-सामने हैं। मतदान के दिन दोनों प्रत्याशियों ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं के साथ मतदाताओं के रुझान का जायजा लिया।
मतदान के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज रहीं। वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी और पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने खेरोदा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से रूबरू होकर चुनावी गतिविधियों का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई थीं। खेरोदा थानाप्रभारी परमेश्वर पाटीदार मय जाप्ता सहित पुलिस बल की तैनाती के चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हुई। अब पंचायत समिति सदस्य की सीट पर अनिल मेघवाल, प्रकाश मेघवाल और श्याम लाल खटीक के बीच त्रिकोणीय मुकाबले तथा जिला परिषद सदस्य पद पर दुर्गा शंकर मेनारिया और घनश्याम मेनारिया के बीच सीधी टक्कर पर चुनावी नजरें टिकी हैं।