खेरवाड़ा पुलिस द्वारा सूने मकानों में चोरी के मामले में पकड़ी गई मोटरसाइकिल, जिसका इस्तेमाल आरोपी वारदातों के दौरान करते थे।

खेरवाड़ा पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खेरवाड़ा सहित भींडर, अंबामाता और उदयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और चोरी के सामान की बरामदगी के संबंध में अनुसंधान कर रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव अर्जुन सिंह राठौड़ के सुपरविजन में खेरवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

मामले के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को शक्तिनगर, खेरवाड़ा निवासी नरेंद्र भाटिया ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह 4 अक्टूबर को अपने मकान पर ताला लगाकर ससुराल गए थे। 10 अक्टूबर को वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोर घर से सोने की चेन, चांदी की चूड़ियां, पायजेब, सोने की अंगूठियां और एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(1) एवं 305(क) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए गए।

पुलिस ने इस मामले में महेंद्र उर्फ थापड़ी पुत्र नारायणलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी इंद्रा कॉलोनी, चुंगी नाका, थाना गोवर्धनविलास, उदयपुर तथा लवकीनाथ पुत्र किशननाथ, उम्र 18 वर्ष, निवासी भुवाना, सुखेर, उदयपुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दिन या रात के समय सूने मकानों की रेकी करने, उनके ताले तोड़ने और वहां से सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी करने की वारदातें स्वीकार की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदातों के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। आरोपियों ने खेरवाड़ा के अलावा भींडर, अंबामाता और उदयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

इस कार्रवाई में खेरवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा, गोवर्धनविलास थानाधिकारी सुनील चारण, सहायक उपनिरीक्षक दिग्विजय सिंह, वाहिद हुसैन, किशोर कुमार एवं राकेश मेहता सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। विशेष टीम के अन्य सदस्यों ने भी जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग किया।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में चोरी की अन्य वारदातों और चोरी किए गए आभूषणों व नकदी की बरामदगी से जुड़े पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।

Tags: