राष्ट्रीय एकता दिवस: उदयपुर पहुंची 'फाइट अगेंस्ट ड्रग' बाइक रैली
केवडिया स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जा रही देशव्यापी मोटरसाइकिल रैली का उदयपुर में पारंपरिक स्वागत, फतहसागर से आज होगा फ्लैग ऑफ
उदयपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत फाइट अगेंस्ट ड्रग्स रैली का स्वागत करते पुलिस अधिकारी
राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवडिया (गुजरात) के लिए निकाली गई देशव्यापी ‘Fight Against Drug’ अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली शुक्रवार शाम झीलों की नगरी उदयपुर पहुंची। शहर की सीमा में प्रवेश करने पर सुखेर स्थित बीएसएफ कैंप (कविता) में रैली का पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया गया। अब शनिवार सुबह फतहसागर की पाल से रैली को फ्लैग ऑफ किया जाएगा।
रैली में विभिन्न पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवान शामिल हैं। उदयपुर पहुंचने पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने रैली टीम लीडर और अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान रैली के सदस्यों को मेवाड़ी पगड़ी (साफा) पहनाकर और ऊपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा सहित अन्य वृताधिकारी, थानाधिकारी और पुलिस जवान मौजूद रहे।
रैली में शामिल प्रतिभागियों के रात्रि विश्राम के बाद 24 अक्टूबर की सुबह 08:30 बजे विद्याभवन परिसर में नशामुक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 09:00 बजे फतहसागर की पाल पर मुख्य फ्लैग ऑफ कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (उदयपुर रेंज) करेंगे।
इस अवसर पर यूनिसेफ, स्वयंसेवी संस्थाओं और कॉलेज विद्यार्थियों के सहयोग से हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के तहत आयोजित यह रैली नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से देशव्यापी अभियान का हिस्सा है।